मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को हराने के लिए वहां दो लाख से अधिक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कर्मियों को तैनात किया है।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
अपनी पार्टी के संगठन भारतीय कामगार सेना की आम सभा की बैठक को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बनर्जी के करीबियों पर छापे मार रहा है।
उनका इशारा तृणमूल कांग्रेस को राजनीतिक परामर्श देने वाली फर्म ‘आई-पैक’ के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी की जांच की ओर था।
उन्होंने सवाल किया, ‘ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में शेरनी की तरह लड़ रही हैं। उन्हें कराने के लिये पश्चिम बंगाल में दो लाख से अधिक सीआरपीएफ कर्मी तैनात किए गए हैं। अगर राज्य के हर कोने में सुरक्षा बल तैनात होंगे, तो लोग निडर होकर वोट कैसे देंगे?’
उन्होंने कहा कि जब मणिपुर जातीय हिंसा के आग में जल रहा था, तब वहां केवल 30,000 सीआरपीएफ कर्मी तैनात किए गए थे।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप