चाकणकर का इस्तीफा ही काफी नहीं है, ‘बड़ी मछलियों’ के खिलाफ भी हो कार्रवाई : कांग्रेस नेता वडेट्टीवार

Ads

चाकणकर का इस्तीफा ही काफी नहीं है, ‘बड़ी मछलियों’ के खिलाफ भी हो कार्रवाई : कांग्रेस नेता वडेट्टीवार

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 03:28 PM IST

मुंबई, 21 मार्च (भाषा) दुष्कर्म के आरोपी एक ‘स्वयंभू बाबा’ के साथ संबंधों के कारण महाराष्ट्र महिला आयोग के अध्यक्ष पद से रूपाली चाकणकर के इस्तीफे के एक दिन बाद कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को कहा कि केवल उनका इस्तीफा ही काफी नहीं है बल्कि इस मामले से जुड़ी ‘बड़ी मछलियों’ (बड़े लोगों) खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस सप्ताह की शुरुआत में नासिक में गिरफ्तार किये गये ‘स्वयंभू बाबा’ अशोक खरात से जुड़े प्रभावशाली लोगों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खरात के साथ अपने संबंधों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आईं चाकणकर ने शुक्रवार को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को सौंप दिया।

वडेट्टीवार ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि चाकणकर का इस्तीफा ही काफी नहीं है तथा मंत्रियों और अन्य व्यक्तियों की कथित संलिप्तता समेत पूरे मामले की व्यापक जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने दावा किया,‘‘इस्तीफा दे दिया गया है, लेकिन इसमें शामिल बड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। खरात मामले को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के दौरान पुलिस पर दबाव डाला जा रहा है।’’

वडेट्टीवार ने कहा कि राज्य महिला आयोग की प्रमुख के रूप में चाकणकर से महिलाओं की गरिमा और अधिकारों को बनाए रखने की अपेक्षा थी, लेकिन ‘स्वयंभू बाबा’ के साथ उनके कथित संबंध ने गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

उन्होंने मांग की कि खरात के संपर्क में रहे सभी लोगों, जिनमें मंत्री और अन्य करीबी सहयोगी शामिल हैं, के ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर)’ की जांच की जाए।

वडेट्टीवार ने आरोप लगाया, ‘‘खरात के अपार धन और उसे प्राप्त संरक्षण को देखते हुए, ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ व्यक्तियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।’’

खरात स्वयं को मर्चेंट नेवी का सेवानिवृत्त अधिकारी बताता है और ‘कैप्टन’ उपनाम से जाना जाता है। कई नेता वर्षों से खरात से मिलने जाते रहे हैं। उसे बुधवार को एक महिला का तीन साल तक यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

कांग्रेस विधायक दल के नेता वडेट्टीवार ने राज्य सरकार पर नागरिकों से जुड़े मुद्दों का समाधान करने में विफल रहने और ‘अंधविश्वास’ को फलने-फूलने देने का आरोप लगाया।

भाषा धीरज राजकुमार

राजकुमार