म्यूनिख, 14 फरवरी (एपी) ईरान के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे देश के निर्वासित शहजादे रजा पहलवी ने कहा है कि यदि ‘लोकतांत्रिक देश चुपचाप देखते रहे’ तो ईरान में और अधिक मौतें होने की संभावना है।
पहलवी के समर्थक शनिवार को जर्मनी के म्यूनिख में एकत्रित विश्व नेताओं से उम्मीद कर रहे थे कि वे ईरानी सरकार पर बदलाव के लिए दबाव बढ़ाएंगे।
ईरान के अपदस्थ शाह के पुत्र पहलवी ने शनिवार को म्यूनिख में एक संवाददाता सम्मेलन में चेतावनी दी कि यदि ‘लोकतांत्रिक देश चुपचाप देखते रहे’ तो ईरान में और अधिक मौतें होने की संभावना है।
वर्ष 1979 में देश का ताज छोड़ कर देश से बाहर जा चुके पहलवी ने कहा, ‘‘हम इस घोर संकट की घड़ी में यह पूछने के लिए एकत्रित हुए हैं कि क्या दुनिया ईरान के लोगों के साथ खड़ी होगी?’’
लगभग 50 साल से निर्वासित जीवन जी रहे पहलवी ने कहा कि ईरानी सरकार का अस्तित्व बरकरार रहना ‘‘हर दबंग को एक स्पष्ट संदेश देता है: काफी लोगों को मार डालो, तुम सत्ता में बने रहोगे।’’
पहलवी ईरान के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने म्यूनिख, लॉस एंजिल्स और टोरंटो में प्रदर्शनों का आह्वान किया, जिसे उन्होंने ‘वैश्विक कार्रवाई दिवस’ बताया।
उन्होंने समर्थकों से सड़कों पर उतरकर ईरानी जनता के समर्थन में तत्काल, व्यावहारिक कदम उठाने का आग्रह किया।
शुक्रवार को म्यूनिख में ईरान को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए। यह शहर में आयोजित वार्षिक सुरक्षा सम्मेलन का पहला दिन था, जिसमें यूरोपीय नेता और वैश्विक सुरक्षा हस्तियां शामिल थीं।
ईरान के विपक्षी समूह ‘पीपुल्स मुजाहिदीन ऑर्गनाइजेशन ऑफ ईरान’ (जिसे मुजाहिदीन-ए-खल्क के नाम से भी जाना जाता है) के समर्थकों ने पिछले महीने देशव्यापी प्रदर्शनों पर ईरान की घातक कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एपी संतोष रंजन
रंजन