रायगढ़ (छत्तीसगढ़), 12 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नदी से दो हाथियों के शव बरामद किए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नदी में दो हाथी मृत पाए गए।
उन्होंने बताया कि एक स्थानीय वन रक्षक द्वारा जानकारी देने के बाद रायगढ़ के वन मंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में हाथियों के शवों को नदी से बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर जांच में मदद के लिए स्वान दस्ते, बिजली विभाग के उड़नदस्ते तथा अधिकारियों के दल को बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि हाथियों की मौत का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है।, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि होगी।
छत्तीसगढ़ सरकार ने विधानसभा के जारी बजट सत्र में बताया था कि पिछले 26 महीनों में राज्य में 38 हाथियों और नौ बाघों की मौत अलग-अलग वजहों से हुई है। इनमें करंट लगना, शिकार और आपसी संघर्ष शामिल हैं।
भाषा सं संजीव शफीक
शफीक