ठाणे, 11 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में ठाणे जिले के मुंब्रा से 21 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि नमीरा तारिक खान नामक इस युवती ने कुर्ला और लखनऊ के फर्जी पतों का इस्तेमाल करके पासपोर्ट बनवाए और वह दो बार सऊदी अरब की यात्रा कर चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘युवती के पिता तारिक खान पर ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) और इंडियन मुजाहिद्दीन जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े होने के साथ-साथ जाली नोटों के गिरोह में शामिल होने का आरोप है। वह सालों से फरार है।’
उन्होंने बताया कि नमीरा की विदेश यात्राओं के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें इस बात की भी पड़ताल शामिल है कि कहीं उसने चोरी-छिपे पाकिस्तान का दौरा तो नहीं किया था।
अधिकारी के अनुसार, एटीएस को संदेह है कि नमीरा की सऊदी अरब यात्राओं की व्यवस्था उसके फरार पिता से मिलने के लिए की गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वह अपने पिता की गतिविधियों के बारे में जानती थी और क्या उसमें शामिल थी।
अधिकारी ने बताया कि उसकी मां शबनम उर्फ फिरदौस तारिक खान भी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
भाषा सुमित देवेंद्र
देवेंद्र