महाराष्ट्र टीईटी प्रश्न पत्र लीक: मुख्य आरोपी सहित दो लोग बिहार से गिरफ्तार, अब तक 14 लोग पकड़े गए

Ads

महाराष्ट्र टीईटी प्रश्न पत्र लीक: मुख्य आरोपी सहित दो लोग बिहार से गिरफ्तार, अब तक 14 लोग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 04:13 PM IST

ठाणे, 25 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 प्रश्न पत्र लीक मामले के कथित मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को बिहार से गिरफ्तार किया गया। ठाणे में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भिवंडी जोन-द्वितीय के पुलिस उपायुक्त पवन बंसोडे ने बताया कि मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को बिहार से कथित मुख्य आरोपी विजेंद्रकुमार गुप्ता (उर्फ बिजेंद्र कुमार गुप्ता) और उसके साथी इंद्रजीत सिंह को धर दबोचा।

बंसोडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले में अब तक कुल 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

अधिकारी ने बताया कि गुप्ता और सिंह को शनिवार को पुणे व फिर भिवंडी लाया गया, जहां उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गुप्ता का नाम अंतर-राज्यीय प्रश्न पत्र लीक नेटवर्क के मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आने के बाद से एसआईटी कई सप्ताह से उस पर नजर रख रही थी।

गुप्ता और सिंह के अलावा, इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में राजीव शॉ, आकाश कुमार, धीरज सिंह, सोनू सिंह, मिथुन सिंह, कपिल दहिया, गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी गुप्ता और आगरा स्थित निजी प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी नरेशकुमार महोरे, संजयकुमार शर्मा व बाबूलाल कुशवाहा शामिल हैं।

प्रश्न पत्र लीक का मामला 27 जून को सामने आया, जब भिवंडी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक जगह छापा मारा और अनधिकृत प्रश्न-पत्रों की प्रतियां जब्त की थीं।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश