मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) मुंबई में 12 दिवसीय गणेशोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार को शाम छह बजे तक भगवान गणेश और देवी हरतालिका (पार्वती) की कुल 2033 मूर्तियों को विभिन्न जलाशयों में विसर्जित किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि विसर्जित की गई मूर्तियों में घरों में स्थापित 2011 गणेश मूर्तियां और देवी हरतालिका की दो मूर्तियां शामिल हैं। इस दौरान सार्वजनिक गणेश मंडलों की 17 मूर्तियों का विसर्जन किया गया।
सार्वजनिक गणेश मंडल अस्थायी पंडालों में बड़े आकार की सुंदर और भव्य मूर्तियां स्थापित करते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, विसर्जन प्रक्रिया के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले 15-16 सितंबर को डेढ़ दिन के विसर्जन के दौरान महानगर भर के जलाशयों में कुल 61,640 गणेश और हरतालिका की मूर्तियों का विसर्जन किया गया था। इस आंकड़े में गणेश मंडलों की 301, घरों में स्थापित 61,247 और हरतालिका की 92 मूर्तियां शामिल थीं।
बीएमसी ने श्रद्धालुओं के लिए शहर भर में कृत्रिम तालाबों सहित विभिन्न स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की है।
विभिन्न परंपराओं के अनुसार, भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन डेढ़ दिन, तीसरे दिन, पांचवें दिन, छठे दिन, सातवें दिन और अनंत चतुर्दशी (उत्सव के अंतिम दिन) पर किया जाता है।
यह उत्सव 14 सितंबर को शुरू हुआ था और इसका समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर होगा, जब भव्य शोभायात्राओं के बाद बड़ी संख्या में मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
भाषा
सुमित माधव
माधव