महाराष्ट्र को रेल फाटक मुक्त बनाने के लिए 145 फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई:फडणवीस

Ads

महाराष्ट्र को रेल फाटक मुक्त बनाने के लिए 145 फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई:फडणवीस

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 09:17 PM IST

नागपुर, 12 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य को रेलवे फाटकों से मुक्त बनाने के लिए अगले तीन वर्षों में 145 रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने के मसौदा प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

फडणवीस ने यह बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ महाराष्ट्र रेल अवसंरचना विकास निगम (महारेल) द्वारा निर्मित चार आरओबी, चार अंडरपास और एक रेल अंडरपास (आरयूबी) का उद्घाटन करने के बाद कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार को जिन नौ परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें नागपुर, सांगली, सतारा, नासिक और अमरावती में बने आरओबी शामिल हैं।

उन्होंने रिकॉर्ड समय में उच्च गुणवत्ता के साथ इन नौ परियोजनाओं को पूरा करने के लिए महारेल और उसके प्रबंध निदेशक राजेश कुमार जायसवाल को बधाई दी।

फडणवीस ने कहा, ‘‘इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। देश में हर साल रेलवे फाटकों पर 21,000 लोगों की मौत होती है। इसलिए महाराष्ट्र सरकार ने राज्य को रेलवे फाटकों से मुक्त बनाने का फैसला किया है। इसके तहत रेल मंत्रालय और गडकरी के नेतृत्व वाले सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से महारेल शेष फाटकों पर फ्लाईओवर बनाएगा।’’

उन्होंने कहा कि ‘महायुति’ सरकार इसके लिए ऋण लेगी और सभी फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करेगी, ताकि महाराष्ट्र में कोई भी रेलवे फाटक नहीं बचे।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप