लखनऊ, 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक (दरोगा) शुक्रवार को बुद्धेश्वर-मोहन रोड पर एक बंद कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
लखनऊ पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 बैच के उप निरीक्षक अजय कुमार (34) गाजीपुर थाना क्षेत्र की सर्वोदय नगर पुलिस चौकी में तैनात थे। वह बृहस्पतिवार दोपहर से ही संपर्क में नहीं थे। सहकर्मियों द्वारा फोन पर संपर्क करने के कई प्रयास विफल रहने के बाद उनके मोबाइल फोन की लोकेशन पारा थाना क्षेत्र में मिली।
पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, एक टीम मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी एक बंद सैंट्रो कार के अंदर अजय कुमार बेहोश मिले। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराने के बाद कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उप निरीक्षक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उनकी नाक से खून बह रहा था। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अजय कुमार मूल रूप से हापुड़ जिले के रहने वाले थे और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
आनन्द रवि कांत