मानहानि मामला : सत्यकी सावरकर ने राहुल गांधी की आवाज के नमूनों के लिए अदालत में याचिका दायर की

Ads

मानहानि मामला : सत्यकी सावरकर ने राहुल गांधी की आवाज के नमूनों के लिए अदालत में याचिका दायर की

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 12:13 AM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 12:13 AM IST

पुणे, 17 फरवरी (भाषा) वी डी सावरकर के पोते और राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के मामले में शिकायतकर्ता सत्यकी सावरकर ने मंगलवार को यहां अदालत में कांग्रेस नेता के आवाज के नमूने मांगने के लिए एक आवेदन दायर किया।

यह मामला दिवंगत क्रांतिकारी और हिंदुत्व विचारक के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणियों से संबंधित है।

सत्यकी के वकील संग्राम कोल्हटकर ने न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) (सांसद/विधायक विशेष न्यायालय) ए ए शिंदे के समक्ष आवेदन दायर किया।

याचिका में कहा गया है कि उन्होंने मामले को संदेह से परे साबित करने के लिए सबूत पेश किए हैं, लेकिन ‘‘कुछ इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग के उचित निर्णय के लिए आरोपी (राहुल गांधी) के आवाज के नमूने सबूत का एक अनिवार्य हिस्सा हैं।’’

सत्यकी सावरकर ने 2023 में मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लंदन में एक भाषण में दावा किया था कि वी डी सावरकर ने एक किताब में लिखा था कि उन्होंने और उनके पांच से छह दोस्तों ने एक बार एक मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई की थी, और उन्हें (सावरकर को) खुशी हुई थी।

शिकायत में कहा गया है कि वी डी सावरकर ने यह कभी नहीं लिखा था।

इसी बीच, राहुल गांधी का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता मिलिंद पवार ने मंगलवार को सत्यकी सावरकर से जिरह शुरू की।

भाषा गोला रंजन

रंजन