ठाणे, 25 सितंबर (भाषा) ठाणे में शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस का एक अधिकारी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। इस दौरान वहां मौजूद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उन्हें अस्पताल लेकर गए।
उप मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब शिंदे पुणे में अभिनेता नाना पाटेकर के घर गणपति दर्शन करने के बाद शहर वापस लौटे थे।
विज्ञप्ति के मुताबिक, यातायात पुलिस निरीक्षक संजय नलावडे सुबह से ही शिंदे के काफिले की ड्यूटी में तैनात थे। जैसे ही शिंदे का हेलीकॉप्टर साकेत हेलीपैड पर उतरा, नलावडे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
उन्हें तुरंत काफिले में शामिल एम्बुलेंस से लेकर शिंदे खुद शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि निरीक्षक नलावडे की हालत अब स्थिर है।
पिछले हफ्ते शिंदे के काफिले की ड्यूटी में तैनात पुलिस निरीक्षक विजय सांगडे की दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई थी।
भाषा
सुमित पवनेश
पवनेश