ठाणे में ‘हिस्ट्रीशीटर’ के हमले में पुलिस उपनिरीक्षक की मौत

Ads

ठाणे में ‘हिस्ट्रीशीटर’ के हमले में पुलिस उपनिरीक्षक की मौत

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 10:59 AM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 10:59 AM IST

ठाणे, 25 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक आदतन अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने के बाद एक पुलिस उपनिरीक्षक की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब उपनिरीक्षक किसान के. भोईर के नेतृत्व में गश्ती दल बृहस्पतिवार देर रात तक खुली एक दुकान को स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद बंद कराने के लिए वागले एस्टेट पहुंचा था।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान भोईर ने दुकान के पास एक आदतन अपराधी राजू वाल्मीकि को शराब पीते देखा। पुलिस ने जब उसे वहां से हटाने का प्रयास किया तो उसने विरोध किया, जिसके बाद उसे पुलिस वैन की ओर ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि वाहन में बैठाते समय आरोपी ने भोईर को कथित रूप से जोर से धक्का दिया, जिससे वह पुलिस वैन के अंदर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने वाहन से भागने का प्रयास किया।

अधिकारी ने कहा, “सिर में चोट लगने के बावजूद पीएसआई भोईर और उनके साथियों ने वाल्मीकि का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। हालांकि, आरोपी को पकड़ने के कुछ ही देर बाद पीएसआई भोईर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।”

अधिकारी ने बताया कि वाल्मीकि को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

भाषा रंजन सिम्मी

सिम्मी