(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, 20 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राहुल गांधी को ‘रिजेक्टेड माल’ (खारिज किये जा चुके) करार दिया।
यह बयान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच आया है।
फडणवीस ने कहा कि विभिन्न देशों की मोदी की यात्राओं के दौरान उन देशों के साथ हुए समझौतों के माध्यम से भारत ने अपने दीर्घकालिक रणनीतिक हितों को सुरक्षित कर लिया है।
जब उनसे विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहे जाने के बारे में पूछे जाने पर, फडणवीस ने उन्हें (गांधी को) ‘रिजेक्टेड माल’ बताया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “लोग आलोचना कर रहे थे, पूछ रहे थे कि प्रधानमंत्री विदेश क्यों गए और वहां क्या हो रहा है। इस यात्रा के दौरान भारत ने कई देशों के साथ रणनीतिक समझौते किए हैं। इन समझौतों के कारण अगले 10, 15 और 20 वर्षों के लिए हमारा भविष्य एवं भाग्य सुरक्षित हो गया है।”
गांधी को निशाना पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार द्वारा प्रधानमंत्री की अनावश्यक आलोचना नहीं करने की सलाह दिये जाने का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘पवार साहब ने कहा कि बेवजह आलोचना नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर हैं और देश के हित में काम कर रहे हैं। इसलिए उनकी आलोचना करना उचित नहीं है।
फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पहले राहुल गांधी की आलोचना की थी, जिस पर पवार साहब बहुत नाराज हो गए थे।
उन्होंने कहा, “उन्होंने (पवार ने) कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। मैं दोहराता हूं, यह रिजेक्टेड माल है।”
विधान परिषद के लिए 17 स्थानीय निर्वाचक मंडलों से होने वाले आगामी चुनावों के बारे में पूछे जाने पर, फडणवीस ने कहा कि महायुति में शामिल तीनों दलों के एक साथ चुनाव लड़ने को सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समन्वय बैठकें और सीट बंटवारे पर चर्चा चल रही है।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव