नहीं पता कि रोहित और हार्दिक को खेलने की स्वीकृति मिली लेकिन सुना है कि वे ठीक हैं: कोटक

Ads

नहीं पता कि रोहित और हार्दिक को खेलने की स्वीकृति मिली लेकिन सुना है कि वे ठीक हैं: कोटक

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:14 PM IST

मुल्लांपुर, आठ जून (भाषा) भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को यह नहीं पता है कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या ने फिटनेस परीक्षण पास किया है या नहीं लेकिन उन्होंने सुना है कि ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी ठीक हैं।

पंड्या को पीठ में ऐंठन की समस्या थी जबकि रोहित को आईपीएल के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। दोनों आईपीएल के दौरान कई मैच नहीं खेल पाए थे और उन्हें बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में फिटनेस परीक्षण पास करने की शर्त पर एकदिवसीय टीम में चुना गया है।

कोटक ने दोनों के फिटनेस परीक्षण के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे अभी तक यह खबर नहीं मिली है कि उन्हें मंजूरी मिली है या नहीं। लेकिन मुझे यकीन है कि वे वहां होंगे। मैंने जो सुना है उसके मुताबिक वे ठीक हैं लेकिन उन्हें जाकर फिटनेस परीक्षण देना होगा या जो भी नियम है उसका पालन करना होगा।’’

पता चला है कि रोहित फिटनेस परीक्षण के लिए बेंगलुरु में सीओई पहुंच गए हैं।

कोटक ने बताया कि एकदिवसीय टीम सोमवार और मंगलवार को एकत्रित होगी। बुधवार को टीम दूधिया रोशनी में ट्रेनिंग करेगी और बृहस्पतिवार को धर्मशाला के लिए रवाना होगी।

कोटक ने कहा, ‘‘लेकिन एकदिवसीय खिलाड़ी यहां टीम से जुड़ेंगे और परसों शाम को हल्का अभ्यास हो सकता है।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द