गुजरात में मादक पदार्थ निर्माण इकाई का भंडाफोड़, 75 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त

गुजरात में मादक पदार्थ निर्माण इकाई का भंडाफोड़, 75 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त

गुजरात में मादक पदार्थ निर्माण इकाई का भंडाफोड़, 75 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त
Modified Date: June 2, 2026 / 10:42 pm IST
Published Date: June 2, 2026 10:42 pm IST

मुंबई, दो जून (भाषा) मुंबई पुलिस ने गुजरात के नर्मदा जिले के एक गांव से संचालित हो रही मेफेड्रोन (एमडी) निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है, जिसके तहत लगभग 75 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, रसायन और उपकरण जब्त किए गए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह अभियान साकीनाका पुलिस द्वारा चलाया गया था, जिसने 20 किलोग्राम से अधिक तरल एमडी के साथ-साथ बड़ी मात्रा में रसायन और इस मादक पदार्थ के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन बरामद की।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच पिछले महीने अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड इलाके से मुस्कान समीर खान (26) नाम की एक कैब ड्राइवर की गिरफ्तारी के साथ शुरू हुई थी, जिसके कब्जे से 101 ग्राम एमडी (ड्रग्स) बरामद की गई थी।

खान ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि इस खेप की वसूल कमर अब्दुल वफा चौधरी उर्फ ​​पप्पू (56) द्वारा आपूर्ति की गई थी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि चौधरी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, पुलिस ने गुजरात के नर्मदा जिले में एक किराए के परिसर पर छापा मारा, जहां से एमडी निर्माण इकाई संचालित की जा रही थी।

अधिकारी ने बताया कि खान और चौधरी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में