रक्षाबंधन से पहले ठाणे केंद्रीय कारागार में कैदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी
रक्षाबंधन से पहले ठाणे केंद्रीय कारागार में कैदियों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी
ठाणे, 25 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे केंद्रीय कारागार ने कैदियों के पुनर्वास को बढ़ावा देने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी रक्षाबंधन त्योहार से पहले हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री का आयोजन किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल महाराष्ट्र राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक (कारागार) डॉ. सुहास वारके की प्रेरणा और कारागार के विशेष महानिरीक्षक योगेश देसाई के मार्गदर्शन में शुरू की गई।
विशेष प्रदर्शनी में जेल के कैदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
प्रदर्शनी में त्योहार के लिए रंग-बिरंगी एवं आकर्षक डिजाइन वाली राखियां, लकड़ी एवं लोहे से बने सजावटी सामान, कालीन, सीट मैट, कपड़े और तौलिये शामिल हैं।
विशेष प्रदर्शनी में जेल के कैदियों द्वारा पूरी तरह से तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
ठाणे केंद्रीय कारागार की अधीक्षक रानी भोसले ने नागरिकों से इस अभियान का समर्थन करने की अपील की।
भोसले ने बताया, “कैदियों का पुनर्वास और उनमें सुधार जेल विभाग का मूल उद्देश्य है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से हमारा लक्ष्य कैदियों की मेहनत को समाज से जोड़ना और जेल के भीतर उन्हें रोजगार के स्थायी अवसर उपलब्ध कराना है। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे बिक्री केंद्र पर आएं, इन हस्तनिर्मित वस्तुओं को खरीदें और कैदियों का मनोबल बढ़ाएं।”
भाषा जितेंद्र गोला
गोला

Facebook


