नासिक, चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में बुधवार सुबह अगरबत्ती बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बनाने वाले एक कारखाने में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सिन्नर तालुका के मालेगांव एमआईडीसी में लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि वीमा एरोमैटिक्स नामक इकाई के परिसर में अगरबत्ती बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक रसायन के कई ड्रम रखे हुए थे। रसायन के कारण आग और भड़क उठी।
एक अधिकारी ने बताया, ‘आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर से भी लपटों और धुएं के विशाल गुबार देखे जा सकते थे।’
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और कारखाने में मौजूद मजदूरों को बचाया। उन्होंने कहा, ‘आग से संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।’
अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इसके सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा
शुभम देवेंद्र
देवेंद्र