नासिक, 17 अगस्त (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने नासिक में गड्ढों और बदहाल बुनियादी ढांचे को लेकर सोमवार को महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले दर्ज करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण 10 लोगों की जान जा चुकी है।
नासिक नगर निगम (एनएमसी) मुख्यालय तक ‘जन आक्रोश मोर्चा’ का नेतृत्व करते हुए राज्यसभा सदस्य राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन पर निशाना साधा। राउत ने आगामी 2027 सिंहस्थ कुंभ मेले से जुड़ी परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
सैकड़ों नागरिकों और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) कार्यकर्ताओं ने इस मोर्चे में हिस्सा लिया। यह मार्च शालीमार चौक स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर एनएमसी मुख्यालय राजीव गांधी भवन के पास समाप्त हुआ।
राउत ने कहा, ‘‘शहर में सिंहस्थ कुंभ मेले के नाम पर चल रहे कामों और सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से 10 बेगुनाह लोगों की जान चली गई है। ये लोग (फडणवीस और महाजन) सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरवा सके और कुंभ मेले के आयोजन की बात कर रहे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि ये मौतें प्रशासन द्वारा की गई हत्याएं हैं और ठेकेदारों तथा एनएमसी आयुक्त के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले दर्ज किए जाने चाहिए।
राउत ने दावा किया, ‘‘कुंभ मेले का बजट 15,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 45,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पहले 15,000 शौचालय बनाने थे, अब 55,000 शौचालय बनाए जाएंगे। इनमें 10,000 वीआईपी शौचालय शामिल हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या वीआईपी शौचालयों में सोने के कमोड होंगे? यह गिरीश महाजन और भाजपा का शौचालयों में भ्रष्टाचार का ‘जामनेर पैटर्न’ है, जिसे उन्होंने राज्य में लागू किया है।’’
विरोध मार्च के बाद शिवसेना (उबाठा) के पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एनएमसी आयुक्त से मुलाकात की और अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा