मुंबई, 23 अक्टूबर (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर जोगेश्वरी में बृहस्पतिवार सुबह 13 मंजिला एक व्यावसायिक इमारत में आग लग गई, जहां 10 से 15 लोग फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग के कारण पूरी इमारत में धुआं भर गया।
उन्होंने बताया कि आग गांधी स्कूल के पास स्थित ‘जेएनएस बिजनेस सेंटर’ में सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर लगी। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एक स्थानीय अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि इमारत के दूसरे हिस्से में 10-15 लोग फंसे हैं। उन्होंने कहा, “वे सभी सुरक्षित हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की 9वीं से 12वीं मंजिल तक सीमित है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘श्वांस उपकरण से लैस दमकलकर्मियों द्वारा फंसे लोगों को बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा।’’
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम से कम 12 गाड़ियों और अन्य अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न एजेंसियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने अभी तक आग लगने के कारणों सहित अन्य जानकारी साझा नहीं की है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा