रोजा खोलने की तैयारी कर रहे मुस्लिम युवकों पर भीड़ के हमले में पांच लोग घायल
रोजा खोलने की तैयारी कर रहे मुस्लिम युवकों पर भीड़ के हमले में पांच लोग घायल
पुणे, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में रोजा खोलने की तैयारी कर रहे मुस्लिम युवकों के एक समूह पर भीड़ ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी और बताया कि मामले में एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे असकरवाडी इलाके में एक तालाब के पास हुई।
प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता फिरोज जावेद (25) और उसके 10 मित्र रोजा खोलने की तैयारी कर रहे थे, तभी करीब 100 लोग मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे और उनसे पूछताछ करने लगे। इन लोगों ने युवकों से पूछा कि क्या यह स्थान उनका है। इसके साथ ही उन्होंने युवकों से टोपी उतारने को कहा और यह भी पूछा कि वे “एक खास तरह के कपड़े” पहनकर वहां क्यों आए हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि इसके बाद भीड़ ने युवकों के साथ गाली-गलौज की और ‘कोयता’ (दरांती जैसे धारदार हथियार) तथा लाठियों से हमला कर दिया।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि हमले में चार-पांच युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
सासवड थाने के वरिष्ठ निरीक्षक कुमार कदम ने बताया कि अब तक 10-15 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


