मुंबई के पास ट्रेन में 1.62 करोड़ की चोरी का खुलासा, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
मुंबई के पास ट्रेन में 1.62 करोड़ की चोरी का खुलासा, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
ठाणे, तीन जून (भाषा) राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को कहा कि उसने महीनों लंबी जांच के बाद पिछले साल के अंत में मुंबई के पास एक ट्रेन में हुई बड़ी चोरी में शामिल 10 सदस्यीय आपराधिक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 1.62 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का चोरी का सोना बरामद किया है।
मुंबई रेलवे अपराध शाखा ने बताया कि गिरोह के शेष छह फरार सदस्यों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।
रेलवे पुलिस ने कहा कि यह सफलता छह महीने तक चले व्यापक राज्यव्यापी अभियान के बाद मिली है, जिसमें दक्षिण-पश्चिमी महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के सुदूर गांवों में छिपे संदिग्धों का पता लगाने के लिए कई तकनीकी दल, स्थानीय अपराध शाखाएं और दंगा नियंत्रण दस्ते शामिल थे।
जीआरपी की विज्ञप्ति के अनुसार, चोरी की यह घटना छह और सात दिसंबर, 2025 की दरमियानी रात सोलापुर-मुंबई सीएसएमटी सिद्धेश्वर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12116) में हुई थी, जहां एक सराफा व्यापारी के बैग से सोना और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था।
शिकायतकर्ता मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) निवासी 52 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी है, जो सोलापुर से मुंबई के पास कल्याण तक वातानुकूलित (एसी) कोच में यात्रा कर रहा था।
जीआरपी के बयान में कहा गया, ‘‘शिकायतकर्ता दो ट्रॉली बैग के साथ यात्रा कर रहा था। जब वह सो गया तो अज्ञात चोरों ने सोने के आभूषणों और कीमती सामान से भरा एक बैग चुरा लिया।’’
घटना के बाद, स्वर्ण व्यवसायी ने कल्याण रेलवे पुलिस थाने में चोरी से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद, मुंबई के रेलवे पुलिस आयुक्त एम राकेश कलासागर और पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय सर्कल) प्रज्ञा जेडगे ने रेलवे अपराध शाखा को इस जांच का नेतृत्व करने का निर्देश दिया था।
पुलिस दल ने सोलापुर और कल्याण के बीच की सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सोलापुर के सुदूर गांवों में छापेमारी के बाद इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 1.62 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


