रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया

Ads

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 02:55 PM IST

(तस्वीर सहित)

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर शनिवार देर रात हुई गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गोलीबारी के समय शेट्टी अपने घर पर थे या नहीं।

उन्होंने बताया कि हमलावरों ने रात करीब पौने एक बजे नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर गोलीबारी की।

अधिकारी ने बताया कि कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे पर लगी।

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’

अधिकारी ने कहा कि वारजे मालवाड़ी थाने के कर्मियों द्वारा चलाए गए एक अभियान के दौरान पुणे शहर के कारवेनगर और धायरी इलाकों से चार लोगों को हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं तथा जांच शुरू कर दी।

घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर रही है।

अधिकारी ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

निर्माता एवं निर्देशक शेट्टी ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल