पुणे में बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं हत्या का मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना

Ads

पुणे में बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं हत्या का मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 04:24 PM IST

पुणे, पांच मई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में पिछले सप्ताह चार-वर्षीय जिस लड़की की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या कर दी गयी थी, उसकी अंत्य-परीक्षण रिपोर्ट ने दम घुटने से उसकी मौत होने का संकेत दिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 65-वर्षीय एक आरोपी ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाले आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है तथा उसपर 1998 और 2015 में छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में वह दोनों मामलों में बरी हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, पुणे जिले में भोर तहसील के नरसपुर में एक मई को आरोपी ने लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था और उसे मार डाला था। इस घटना से बड़े पैमाने पर आक्रोश फैल गया और लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि मौत दम घुटने से हुई है। प्रथम दृष्टया, आरोपी ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे चुप कराया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर मवेशी बाड़े में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस मामले को लेकर लोगों ने विशाल प्रदर्शन किया तथा मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग भी जाम कर दिया।

इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को आश्वासन दिया कि सरकार आरोपी को मौत की सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिकॉर्ड समय में न्याय सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे की कार्यवाही में तेजी लाएगी।

आरोपी के परिवार ने भी उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश