ग्राम पंचायत सदस्य 1.7 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया

Ads

ग्राम पंचायत सदस्य 1.7 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 10:50 AM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 10:50 AM IST

ठाणे, 20 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 35 वर्षीय एक ग्राम पंचायत सदस्य को एक बिल्डर से कथित तौर पर 1.7 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कहा कि आरोपी स्वप्निल सीताराम पाटिल भिवंडी तालुका में अंबाडी ग्राम पंचायत का सदस्य है।

एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के बाद तीन मंजिला इमारत का निर्माण किया था। एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अक्टूबर 2025 में ग्राम पंचायत में इमारत के लिए संपत्ति कर और जल कर के मूल्यांकन और निर्धारण हेतु आवेदन किया था। हालांकि, मासिक बैठक के दौरान पाटिल और कुछ अन्य सदस्यों ने कर लगाने पर आपत्ति जताई।

एक अधिकारी ने बताया, “आरोपी और अन्य सदस्यों ने स्थानीय तहसीलदार को पत्र लिखकर दावा किया था कि इमारत अवैध है। दिसंबर 2025 में पाटिल ने बिल्डर को डराने के लिए शिकायत की एक प्रति व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी।”

आरोप है कि बाद में, पाटिल ने बिल्डर से कर आकलन में सुविधा प्रदान करने और तहसीलदार के पास दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए 1.7 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद बिल्डर ने एसीबी से संपर्क किया।

अधिकारी ने बताया कि मांग की पुष्टि के बाद पाटिल को बुधवार को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

एसीबी ठाणे के पुलिस उपाधीक्षक अनिल जयकर ने बताया कि पाटिल के खिलाफ गणेशपुरी पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा तान्या अमित

अमित