मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, ‘रेड अलर्ट’ जारी
मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, ‘रेड अलर्ट’ जारी
मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई और उसके आस-पास के शहरों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह कुछ धीमी पड़ गई। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लगातार तेज बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने लोगों से सतर्क रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
पिछले 24 घंटे में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर 300 मिलीमीटर से भी अधिक वर्षा हुई।
अधिकारियों के अनुसार, मेट्रो और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बसों सहित सार्वजनिक परिवहन सेवाएं रविवार सुबह सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, यात्रियों ने उपनगरीय रेल सेवाओं के कुछ देरी से चलने की शिकायत की है।
बीएमसी ने लोगों से परामर्श का कड़ाई से पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए बीएमसी की हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।
नगरपालिका ने विशेष रूप से निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार अपराह्न तीन बजकर 22 मिनट पर 4.19 मीटर ऊंची लहर उठने की संभावना है, जबकि सोमवार तड़के तीन बजकर 41 मिनट पर 3.51 मीटर ऊंची लहर उठने का अनुमान है।
शनिवार को मूसलाधार बारिश ने मुंबई को बेहाल कर दिया। शहर के कई इलाकों में 12 घंटे के भीतर करीब 200 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें धंस गईं, पेड़ गिर गए, मकान ढह गए तथा सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
लगातार हो रही बारिश से ठाणे, पालघर, नवी मुंबई और पुणे क्षेत्र में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है जहां भूस्खलन और जलभराव के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं तथा बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि आईएमडी ने रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए कुछ स्थानों पर बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना व्यक्त की है।
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे तक के पिछले 24 घंटे में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक और कुछ स्थानों पर 300 मिलीमीटर से भी अधिक बारिश हुई।
सबसे अधिक 310.6 मिलीमीटर वर्षा विक्रोली पश्चिम स्थित बिल्डिंग प्रपोजल ऑफिस में दर्ज की गई। इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन में 306.6 मिलीमीटर और विक्रोली के टैगोर नगर पालिका स्कूल में 301.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, मालाबार हिल, कोलाबा, मेमनवाडा दमकल केंद्र, विक्रोली दमकल केंद्र, पवई स्थित पासपोली नगर पालिका स्कूल, भांडुप कॉम्प्लेक्स, अंधेरी दमकल केंद्र, जोगेश्वरी और गोरेगांव की आरे कॉलोनी सहित कई स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


