होसबाले ने आरएसएस के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नागपुर में ‘पथ संचलन’ का निरीक्षण किया
होसबाले ने आरएसएस के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नागपुर में ‘पथ संचलन’ का निरीक्षण किया
नागपुर, 23 मई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने शनिवार को नागपुर में संगठन के ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों के ‘पथ संचलन’ का निरीक्षण किया। यह जानकारी एक विज्ञप्ति में दी गई।
शहर के रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन परिसर में 11 मई को 25 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन किया गया था।
आरएसएस ने पूर्व में कहा था कि देश भर से लगभग 880 स्वयंसेवक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
शनिवार को प्रशिक्षुओं के दो समूह शहर में अलग-अलग मार्गों पर ‘पथ संचलन’ करते हुए आगे बढ़े।
आरएसएस की विज्ञप्ति में कहा गया कि दोनों ‘पथ संचलन’ महल चौक पर एकत्रित हुए, जहां होसबाले और संघ के अन्य पदाधिकारियों ने इसका निरीक्षण किया।
आरएसएस ने पूर्व में कहा था कि उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला चार जून को नागपुर में होने वाले ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे, और संघ प्रमुख मोहन भगवत सभा को संबोधित करेंगे।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


