मुझे नहीं पता था कि मेरा किरदार ‘बड़े साहब’ का है: ‘धुरंधर’ के अभिनेता दानिश इकबाल

Ads

मुझे नहीं पता था कि मेरा किरदार ‘बड़े साहब’ का है: ‘धुरंधर’ के अभिनेता दानिश इकबाल

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 09:34 PM IST

(सुप्रिया सोगले)

मुंबई, 21 मार्च (भाषा) आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ देखने के बाद से ही दर्शकों के मन में यह रहस्य बना हुआ था कि ‘बड़े साहब’ कौन है और इस किरदार को कौन निभा रहा है। इसकी अगली कड़ी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने इसका जवाब दे दिया है -यह व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम है, जिसका किरदार अभिनेता दानिश इकबाल ने निभाया है।

यह खुलासा खुद अभिनेता के लिए भी आश्चर्यजनक था, जिन्होंने कहा कि उन्हें इब्राहिम की अपनी भूमिका के बारे में पता था लेकिन उन्हें कभी नहीं बताया गया था कि वही किरदार वास्तव में ‘बड़े साहब’ है। इब्राहिम को 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम धमाकों और भारत में कई अन्य आतंकी घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था।

इकबाल ने कहा, ‘‘मुझे मेरी ईदी थोड़ी जल्दी मिल गई…मुझे पता था कि मैं इस फिल्म में दाऊद इब्राहिम का किरदार निभा रहा हूं, लेकिन सच कहूं तो मुझे यह नहीं पता था कि दाऊद इब्राहिम ही बड़े साहब है। इसलिए मैं सोचता रहा कि बड़े साहब कौन हो सकता है।’’

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा ‘‘लेकिन जब फिल्म के रिलीज होने में कुछ ही हफ्ते बचे थे, तो मुझे कहीं न कहीं यह महसूस होने लगा कि शायद दाऊद इब्राहिम का किरदार ही बड़े साहब हो सकता है।’’

‘धुरंधर’ में ‘बड़े साहब’ एक अदृश्य लेकिन सर्वव्यापी ताकत था-जो ल्यारी के अपराध सरगनाओं, आईएसआई हैंडलर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नेता को नियंत्रित करता था, जबकि खुद पूरी तरह पर्दे के पीछे रहता था।

बड़े साहब कौन था, इस बारे में सलमान खान और इमरान हाशमी जैसे नामों को लेकर भी अटकलें लगाई जाती थीं।

इकबाल ने कहा, ‘‘लोग इस बात में ज्यादा दिलचस्पी रखते थे कि फिल्म में बड़े साहब क्या करेगा, बजाय इसके कि उसका किरदार कौन निभाएगा। कभी एक अभिनेता का नाम सामने आता, कभी दूसरे का। कई बार मुझे भी हैरानी होती थी कि आखिर इस किरदार को कौन निभा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि किरदार के खुलासे के बाद, दर्शकों की जिज्ञासा डॉन के व्यक्तित्व के बजाय इब्राहिम के दिखने और बोलने के तरीके की ओर स्थानांतरित हो गई।

इकबाल ने कहा, ‘‘जिस तरह से सबकुछ बनाया गया, उस किरदार की दुनिया को देखकर लोग यह भूल गए कि वह कौन सा अभिनेता है। दर्शकों ने किरदार पर ध्यान देना शुरू कर दिया।’’

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल