मैं चाहता हूं कि मुझे मेरे काम के लिए ‘याद’ किया जाएः अभिनेता ताहिर राज भसीन
मैं चाहता हूं कि मुझे मेरे काम के लिए ‘याद’ किया जाएः अभिनेता ताहिर राज भसीन
मुंबई, 26 सितंबर (भाषा) अभिनेता ताहिर राज भसीन का कहना है कि वह सिर्फ शोहरत हासिल करना नहीं चाहते, बल्कि चाहते हैं कि उन्हें उनके काम के लिए याद किया जाए। अभिनेता का कहना है कि इसी सोच के आधार पर वह अलग-अलग तरह की भूमिकाएं चुनते हैं।
अभिनेता ने 2012 में विवेक ओबेरॉय और मलिका शेरावत अभिनीत ‘किस्मत लव पैसा दिल्ली’ से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की ‘काई पो चे!’ में छोटी भूमिका निभाई और अभय देओल के साथ ‘वन बाय टू’ में भी नजर आए।
उन्हें बड़ी पहचान रानी मुखर्जी अभिनीत ‘मर्दानी’ से मिली, जिसमें उन्होंने खलनायक की भूमिका निभाई थी।
भसीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मेरा मानना है कि जीवन में सभी महान चीजें हमेशा कठिन होती हैं। अभिनय को लेकर एक कहावत है जिसे मैं अपने जीवन में अपनाना पसंद करता हूं-‘प्रसिद्ध होने और याद किए जाने के बीच अंतर होता है’, और मैं दूसरा विकल्प चुनता हूं। मैं अपने सभी फैसले इसी सोच के आधार पर करता हूं।’’
उन्होंने कहा, “मैं एक ऐसे अभिनेता के रूप में याद किया जाना चाहता हूं, जिसने कहानियों में मुख्य भूमिका निभाई और लोगों को इंसान होने के अनुभव तथा रोमांच, भावनाओं आदि जैसी कई तरह की भावनाओं से परिचित कराया।’’
भसीन ने कहा कि अपने करियर की शुरुआत में ही उन्हें यह समझ आ गया था कि अपनी फिल्मोग्राफी में विविधता लाना महत्वपूर्ण है, ताकि फिल्म उद्योग में अभिनेताओं को किसी खास तरह की भूमिका तक सीमित कर देने की प्रवृत्ति से बचा जा सके।
भसीन ने कहा, ‘‘ फिल्म ‘मंटो’ में मुझे नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने का मौका मिला, जो शानदार अनुभव था। इसके बाद मैंने जॉन अब्राहम के साथ ‘फोर्स 2’ जैसी अधिक व्यावसायिक एक्शन फिल्म और नितेश तिवारी के साथ ‘छिछोरे’ की। ये सभी सोच-समझकर किए गए फैसले हैं, जिनके जरिए आपको अलग-अलग शैलियों और अलग-अलग तरह के निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिलता है।’’
अभिनेता ने कहा कि वह खुद को ‘भाग्यशाली’ मानते हैं कि उन्हें एक ही समय में फीचर फिल्मों और वेब-सीरीज, दोनों में काम करने का अवसर मिल रहा है।
भसीन ने कहा कि रेंसिल डी’सिल्वा के निर्देशन में बनी उनकी नवीनतम सीरीज ‘शक’ ने उन्हें ‘मर्दानगी‘ को एक अलग नजरिए से समझने की चुनौती दी।
परिणीति चोपड़ा की मुख्य भूमिका वाली यह सीरीज अन्विता की कहानी है, जो एक मां है और जिसकी नवजात बेटी को अस्पताल से अगवा कर लिया जाता है। भसीन इस सीरीज में परिणीति चोपड़ा के पति की भूमिका निभा रहे हैं। यह सीरीज बृहस्पतिवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


