वीडियो में शिवसेना विधायक को ठेकेदार के साथ ‘कमीशन पर बातचीत’ करते देखा गया

वीडियो में शिवसेना विधायक को ठेकेदार के साथ 'कमीशन पर बातचीत' करते देखा गया

वीडियो में शिवसेना विधायक को ठेकेदार के साथ ‘कमीशन पर बातचीत’ करते देखा गया
Modified Date: June 28, 2026 / 12:55 am IST
Published Date: June 28, 2026 12:55 am IST

मुंबई, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र में शनिवार को विपक्ष के नेताओं ने एक वीडियो के सामने आने के बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को घेरा।

इस वीडियो में शिवसेना विधायक राजेश क्षीरसागर कथित तौर पर एक सरकारी ठेकेदार के साथ ‘कमीशन’ के भुगतान पर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे है।

क्षीरसागर ने एक न्यूज़ चैनल को बताया कि इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

उन्होंने कहा कि वह रविवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर अपना पक्ष स्पष्ट करेंगे।

क्षीरसागर ने कहा, ‘यह वीडियो इस साल की शुरुआत में हुए नगर निगम चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रसारित किया गया था। फिर भी, लोगों ने कोल्हापुर नगर निगम में हमें चुना।’

उन्होंने दावा किया कि इस वीडियो को प्रसारित करने के पीछे स्थानीय राजनीति थी।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि वीडियो से विकास के नाम पर जनता के पैसे की लूट का पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने पूछा कि क्या सत्ताधारी पार्टियों द्वारा विधायकों और सांसदों को तोड़ने का काम इस भ्रष्टाचार से जुड़ा है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि वीडियो में सरकारी अनुबंध में सात प्रतिशत कमीशन के भुगतान की बात स्वीकार की गई थी।

वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार को उन अनुबंध की जांच करनी चाहिए जिनमें कथित तौर पर कमीशन दिया गया था।

उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो सामने आने के बावजूद विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई होने की संभावना नहीं है।

राकांपा (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार, मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ और शिवसेना (उबाठा) नेता संजय पवार ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कार्रवाई करने की अपील की।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में