महाराष्ट्र के रेजिडेंट चिकित्सकों की होम्योपैथी पंजीकरण मुद्दे पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
महाराष्ट्र के रेजिडेंट चिकित्सकों की होम्योपैथी पंजीकरण मुद्दे पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) ‘महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स’ (एमएआरडी) ने होम्योपैथी चिकित्सकों को महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (एमएमसी) में पंजीकरण कराने और एलोपैथिक दवाएं लिखने की अनुमति देने संबंधी सरकार के फैसले के खिलाफ बुधवार से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
एमएमसी ने 30 जून को एक अधिसूचना जारी कर छह महीने का आधुनिक औषधि विज्ञान प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम (सीसीएमपी) पूरा करने वाले होम्योपैथी चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा की दवाएं लिखने की अनुमति दी थी।
एमएआरडी ने मांग की है कि अदालत का अंतिम फैसला आने तक बीएचएमएस-सीसीएमपी (बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी-सर्टिफिकेशन कोर्स इन मॉडर्न फार्माकोलॉजी) के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया तत्काल स्थगित की जाए।
संगठन ने कहा कि सरकार और संबंधित अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद उसे इस नीति के क्रियान्वयन को लेकर कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है।
केंद्रीय एमएआरडी के अध्यक्ष अथर्व शिंदे ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हड़ताल आधी रात से शुरू हो गई है। हम आज की स्थिति पर नजर रखेंगे। यदि सरकार बातचीत शुरू नहीं करती है तो 24 घंटे बाद आपातकालीन सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी।’’
संगठन ने मंगलवार को जारी बयान में कहा था कि मरीजों के सुरक्षा हितों को ध्यान में रखते हुए पहले 24 घंटे तक आपातकालीन और आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), नियमित कार्य और शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), बीएमसी एमएआरडी , महाराष्ट्र स्टेट रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन, एसोसिएशन ऑफ स्टेट मेडिकल इंटर्न्स, महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ गजेटेड मेडिकल ऑफिसर्स (ग्रुप-ए) और महाराष्ट्र स्टेट मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने केंद्रीय एमएआरडी की इस राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को अपना पूरा समर्थन दिया है।
एमएआरडी में मंगवार को कहा था कि स्पष्ट कानूनी और नियामक ढांचे के अभाव के कारण उसने पांच अगस्त की मध्यरात्रि से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला किया है।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी

Facebook


