मुंबई पुलिस वेतन घोटाला: 10 फर्जी कर्मचारियों को दिया 6.41 करोड़ रुपये का वेतन, पांच पर मामला दर्ज
मुंबई पुलिस वेतन घोटाला: 10 फर्जी कर्मचारियों को दिया 6.41 करोड़ रुपये का वेतन, पांच पर मामला दर्ज
मुंबई, चार अगस्त (भाषा) मुंबई पुलिस बल में वर्ष 2019 से 2020 के बीच 10 फर्जी कर्मचारियों के नाम पर 6.41 करोड़ रुपये वेतन के रूप में जमा किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि वेतन रिकॉर्ड के स्थानांतरण के दौरान यह अनियमितता सामने आई।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि उत्तर क्षेत्रीय डिवीजन में 10 ऐसे लोगों को बार-बार कर्मचारी के रूप में दर्शाया गया, जो पुलिस विभाग के कर्मचारी नहीं थे और इन लोगों के नाम से खोले गए बैंक खातों में हर महीने वेतन जमा किया जा रहा था।
इस मामले में विभाग के पांच कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह अनधिकृत वेतन भुगतान मुख्य रूप से दो अवधियों के दौरान किया गया, दिसंबर 2019 से फरवरी 2020 और जून से सितंबर 2020 के बीच।
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी में दर्ज फर्जी कर्मचारियों के नाम रामदास भोगले, सुधाकर कदम, सरजू यादव, भागवत भोसले, गुणाजी खावकर, महादेव हलदणकर, राजेंद्र सोनार, उत्तम थोराट, सूर्यकांत पाटिल और पांडुरंग कदम हैं।
कथित घोटाले के समय पदस्थ रहे पांच अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रामकिशन गोस्वामी, नागेश तलवाडेकर और विजया चव्हाण, हेड क्लर्क अजय राठौड़ तथा वरिष्ठ क्लर्क अमोल मेश्राम शामिल हैं।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


