पुणे, आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के एक मंत्री और एक महिला पार्षद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुणे पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कार्यकर्ता संतोष पंडित को मंगलवार को एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पांच दिन की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद पंडित को अदालत में पेश किया गया।
पुणे नगर निगम की सफाई कर्मचारी सारिका कांबले द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पंडित ने महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा स्थानीय विधायक चंद्रकांत पाटिल और एक महिला पार्षद के बारे में अश्लील तथा यौन संकेत वाले बयान वाली वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
पंडित पुणे में सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे की खराब स्थिति समेत नागरिक समस्याओं को उजागर करने वाले वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं और सोशल मीडिया पर उनके हजारों फॉलोअर हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप