अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: महाराष्ट्र, ओडिशा और गोवा से पांच गिरफ्तार

Ads

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: महाराष्ट्र, ओडिशा और गोवा से पांच गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 10:43 AM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 10:43 AM IST

ठाणे, 11 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार ओडिशा के नक्सल प्रभावित इलाकों में गांजा उगाने वालों से लेकर गोवा में इस मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वालों तक से जुड़ा था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बताया कि गिरोह के पांच प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और 4.5 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक जून को जांच शुरू करने के बाद कल्याण जीआरपी ने शुरुआत में दो लोगों बिहार निवासी निक्कीकुमार हरदेव शाह (19) और कुलदीप राजू महतो मंडल (26) को कल्याण रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। ये दोनों गांजा पहुंचाने का काम करते थे। उनके पास से 21.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और वित्तीय लेन-देन की जांच में खुलासा हुआ कि गांजा ओडिशा से लाया गया था और महाराष्ट्र के रास्ते गोवा में खुदरा बिक्री के लिए भेजा जाना था।

कल्याण जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना दुसाने ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इसके बाद जांच टीम ने 18 से 22 जुलाई के बीच दक्षिण गोवा के मडगांव में छापेमारी की और मादक पदार्थ की खेप लेने वाले आरोपी अशरफ सुनार खान (21) को गिरफ्तार किया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि खान से पूछताछ के बाद जांच टीम ने 24 से 31 जुलाई के बीच ओडिशा के कंधमाल जिले में तलाशी अभियान चलाया और मुख्य आपूर्तिकर्ता के रूप में काम करने वाले विद्याधर लक्ष्मीधर नायक (43) को गिरफ्तार किया।

नायक ने श्रीकांत मंदेर प्रधान (38) की पहचान उस व्यक्ति के रूप में की, जो नक्सल प्रभावित घने जंगलों में गांजा की खेती करता था।

अधिकारी ने बताया कि अभियान से जुड़ी चुनौतियों और दुर्गम इलाके के बावजूद जांच टीम ने बाद में कंधमाल के दरिंगबाड़ी से प्रधान को गिरफ्तार कर लिया।

दुसाने ने कहा, ‘‘यह कई राज्यों में चलाया गया एक जटिल अभियान था, जिसमें हमारी टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों में मादक पदार्थ प्राप्त करने वाले व्यक्ति से लेकर गांजा की खेती करने वाले मुख्य व्यक्ति तक का पता लगाने में सफलता हासिल की। गोवा और ओडिशा की स्थानीय पुलिस के साथ करीबी समन्वय से हमने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह को निष्क्रिय करने में सफलता हासिल की।’’

उन्होंने कहा कि इस गिरोह से जुड़े वित्तीय मददगारों, अन्य सहयोगियों और धनशोधन की पहचान के लिए जांच जारी है।

भाषा तान्या धीरज

धीरज