स्वतंत्रता दिवस पर ठाणे के कॉलेज ने ‘जेन जी’ विषय पर रील निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की

Ads

स्वतंत्रता दिवस पर ठाणे के कॉलेज ने 'जेन जी' विषय पर रील निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 09:52 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 09:52 PM IST

ठाणे, 10 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर स्थित एक निजी कॉलेज भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए ‘जेन जी’ पर केंद्रित एक अंतर-महाविद्यालय रील निर्माण प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है।

कर्मवीर भाऊराव पाटिल (केबीपी) कालेज ने सोमवार को बताया कि ‘‘मैं जिम्मेदार जेन जी हूं – मेरा देश… मेरी प्रतिबद्धता’’ विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये है।

यह प्रतियोगिता डिजिटल सामग्री निर्माताओं को लघु वीडियो सामग्री के माध्यम से अपनी देशभक्ति और नागरिक दृष्टिकोण प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित करती है।

संस्थान ने बताया कि प्रतिभागियों को 30 से 60 सेकंड की समयावधि का 9:16 अनुपात वाली ‘वर्टिकल’ वीडियो बनाना होगा। प्रविष्टियों को इंस्टाग्राम पर कॉलेज के आधिकारिक हैंडल पर टैग करके, सहभागिता का अनुरोध भेजकर और प्रतियोगिता का हैशटैग शामिल करके अपलोड करना अनिवार्य है।

‘वर्टिकल’ रील से तात्पर्य आमतौर पर सोशल मीडिया पर उपयोग किए जाने वाले सीधे (पोर्ट्रेट) आकार के लघु वीडियो से होता है।

मुंबई विश्वविद्यालय से संबद्ध और ‘आदर्श विकास मंडल’ द्वारा संचालित केबीपी कॉलेज ने बताया कि प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त तय की गई है।

कालेज के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ रचनाकारों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे: प्रथम पुरस्कार के रूप में 1,500 रुपये, एक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र; द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1,000 रुपये, एक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र; तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 500 रुपये, एक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को डिजिटल सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल