खरात ने अलग-अलग नामों से खुलवाए थे 130 खाते, 62.74 करोड़ रुपये से अधिक का हुआ था लेन-देन

Ads

खरात ने अलग-अलग नामों से खुलवाए थे 130 खाते, 62.74 करोड़ रुपये से अधिक का हुआ था लेन-देन

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 10:06 PM IST

मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) बलात्कार के कई मामलों में आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात ने महाराष्ट्र में अलग-अलग नामों से दो सहकारी क्रेडिट सोसाइटी में 130 से अधिक खाते खुलवाए और पिछले कुछ साल में 62.74 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन किए। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, इन खातों में से एक खाता महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की बहन के नाम पर खोला गया था। चाकणकर ने खरात से कथित संबंधों की बात सामने आने के बाद पिछले महीने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। खरात को नासिक में बलात्कार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारी ने कहा कि खरात के लेनदेन से संबंधित जानकारी अहिल्यानगर जिले में खरात, उसकी पत्नी कल्पना और तीन अन्य के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी मामले की जांच के दौरान सामने आई। मामला खरात दंपति द्वारा शिरडी में चार एकड़ जमीन हड़पने की कोशिश से जुड़ा है, जिसके मालिक को उन्होंने 5.52 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था।

अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घोष ने बताया कि शिरडी पुलिस ने मामले में दो दलालों को गिरफ्तार किया है और कल्पना व एक अन्य व्यक्ति की तलाश कर रही है। कल्पना को विदेश जाने से रोकने के लिए पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि खरात ने अहिल्यानगर जिले में दो सहकारी क्रेडिट सोसाइटी में अलग-अलग लोगों के नाम पर 130 से अधिक खाते खुलवाए थे।

पुलिस के अनुसार इन खातों से पिछले कुछ वर्षों में भारी लेन-देन हुआ और एक सोसाइटी में 60 करोड़ रुपये से अधिक और दूसरी में 2.74 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी मिली।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश