पुणे में बारिश: भूस्खलन से तीन लोगों की मौत, लोनावाला-कर्जत मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित
पुणे में बारिश: भूस्खलन से तीन लोगों की मौत, लोनावाला-कर्जत मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित
पुणे, छह जुलाई (भाषा) पुणे में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई। बारिश के चलते सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तीनों मृतक एक ही परिवार के थे।
अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 30 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 270 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, 27 राजस्व मंडलों में 65 मिमी से ज़्यादा बारिश हुई, जिसमें मावल में सबसे ज़्यादा 237.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सोमवार तड़के मावल के पाटन गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मावल के ही तलेगांव क्षेत्र में एक कंपनी की बस में फंसे 30 कर्मचारियों को अग्निशमन दल ने सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं एहतियात के तौर पर ताजे गांव के 250 निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ खंड के पास तथा लोनावला-कर्जत रेल मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है, ताकि यातायात और रेल सेवाओं को जल्द बहाल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि हवेली तहसील के भवाड़ी गांव में पांच परिवारों के 22 से 24 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
पुणे और इसके आसपास के क्षेत्रों में पांच जुलाई से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते बचाव और राहत कार्यों के लिए राजस्व विभाग, पुलिस, अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तथा स्थानीय निकायों के कर्मियों की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश

Facebook


