अमरावती, दो फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि कानून और व्यवस्था बनाए रखना सर्वोपरि है और इसका किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सप्ताहांत में हुए हंगामे के मद्देनजर आई है, जिसमें गुंटूर में वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता अंबाती रामाबाबू की गिरफ्तारी और विजयवाड़ा में विपक्षी पार्टी के नेता जोगी रमेश के घर पर कथित हमले की घटना शामिल है।
नायडू ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘कानून और व्यवस्था बनाए रखना सर्वोपरि है और किसी भी परिस्थिति में, राजनीतिक संबद्धता की परवाह किए बिना, कोई बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’
मुख्यमंत्री ने रमेश के आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन की घटना का संज्ञान लिया, जिसके बाद इब्राहिमपटनम पुलिस ने स्वयं ही मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मैलावराम विधानसभा क्षेत्र में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी(तेदेपा) के कई नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नायडू ने कहा कि कानून का शासन हर समय कायम रहना चाहिए और राजनीतिक मतभेदों को केवल लोकतांत्रिक और संवैधानिक साधनों के माध्यम से ही व्यक्त किया जाना चाहिए।
वाईएसआरसीपी द्वारा कथित तौर पर दिए गए भड़काऊ बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए, मुख्यमंत्री ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और सार्वजनिक शांति को भंग करने वाले कार्यों से बचने की अपील की।
भाषा नोमान शोभना
शोभना