अमरावती, एक फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय बजट को ‘‘संतुलित और दूरदर्शी’’ बताते हुए रविवार को कहा कि यह भारत की आत्मनिर्भरता को दर्शाता है और विनिर्माण क्षेत्र में देश की स्थिति को मजबूत करेगा।
कुप्पम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ‘‘संतुलित बजट’’ पेश करने के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय बजट संतुलित और भविष्योन्मुखी है। यह आत्मनिर्भरता को दर्शाता है और विनिर्माण क्षेत्र में हमारी स्थिति को मजबूत करेगा। इससे व्यापार करने में आसानी होगी। यह बजट सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने और उन्हें मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’
उन्होंने कहा कि महिलाओं, किसानों और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और यह बजट उनके सशक्तीकरण में योगदान देगा।
नायडू ने कहा कि यह बजट अंततः प्रधानमंत्री मोदी के भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के दृष्टिकोण में योगदान देता है।
भाषा
सुरभि खारी
खारी