लातूर, दो फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर शहर में सड़क किनारे 24 वर्षीय युवक पर कथित तौर पर बेरहमी से हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इंस्पेक्टर संतोष पाटिल ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बुद्ध नगर निवासी प्रज्वल मस्के पर रविवार रात डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर आरोपी अनिकेत उर्फ गणेश गायकवाड़ और भीमा सूर्यवंशी ने बेरहमी से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रैली से लौट रहे कांग्रेस विधायक अमित देशमुख ने संयोगवश चाकूबाजी की घटना को देखा और पुलिस को सूचना दी।
देशमुख ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी, लेकिन हमलावर मौके से भागने में कामयाब रहे। उन्होंने तुरंत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘लातूर एक शांतिपूर्ण और सभ्य शहर के रूप में जाना जाता है। ऐसे शहर में सरेआम हत्या होना पुलिस प्रशासन की विफलता है।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश