ठाणे, 24 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार दोपहर एक राजमार्ग पर एक लग्जरी बस में आग लग गई, हालांकि उसमें सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बस में 22 यात्री सवार थे।
वाशी अग्निशमन सेवा के अधिकारी यूबी अकरे ने बताया कि सायन-पनवेल राजमार्ग पर चालक ने बस के इंजन से धुआं निकलते देखा और वाहन को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकलने को कहा।
अकरे ने बताया, ‘दमकल की दो गाड़ियों और पानी के एक टैंकर को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने लगभग 30 मिनट तक आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद शीतलन प्रक्रिया शुरू की गई।’
उन्होंने बताया कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है और घटना की जांच जारी है।
भाषा
राखी सुभाष
सुभाष