मुंबई, तीन जून (भाषा) महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने भोजन में मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाना बनाने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 203 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 102 लोगों को गिरफ्तार किया है और 1.58 करोड़ रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई 25 से 31 मई के बीच की गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में इस कार्रवाई को ‘‘विशेष प्रवर्तन अभियान’’ बताया गया है। यह अभियान आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के पिछले महीने एफडीए आयुक्त का पदभार संभालने के बाद शुरू हुआ है। मुंढे को अपने अब तक के करियर में कई बार तबादलों का सामना करना पड़ा है।
बयान के अनुसार, इस अवधि के दौरान कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 86 को सील कर दिया गया है। प्राधिकारियों ने 1,58,28,677 रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त किया है और इस संबंध में 72 प्राथमिकी दर्ज की हैं।
ये मामले खाद्य उत्पादों में मिलावट, असुरक्षित और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने, पैकेजिंग में हेरफेर करने और प्रतिबंधित पान मसाला एवं गुटखा जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री से जुड़े हैं।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश