महाराष्ट्र : नाबालिग बेटे को मतदान केंद्र ले जाने के आरोप में उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

Ads

महाराष्ट्र : नाबालिग बेटे को मतदान केंद्र ले जाने के आरोप में उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

  •  
  • Publish Date - February 8, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - February 8, 2026 / 09:16 PM IST

पुणे, आठ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनाव के दौरान नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में उम्मीदवार अर्जुन सिंह मोहिते पाटिल के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पाटिल पर आरोप है कि वह अपने नाबालिग बेटे को मतदान केंद्र के अंदर वोट डालने के लिए ले गए थे।

एक वीडियो में महाराष्ट्र के सोलापुर में जिला परिषद चुनाव में 14 वर्षीय लड़के को अपने पिता के साथ कथित तौर पर वोट डालते हुए देखा गया।

शनिवार को हुए मतदान के दौरान अकलुज के यशवंत नगर स्थित एक मतदान केंद्र के अंदर अर्जुन सिंह मोहिते पाटिल के बेटे को उनके बगल में खड़े होकर ईवीएम का बटन दबाते हुए देखा गया।

बाद में मोहिते पाटिल ने कहा कि उनका बेटा सिर्फ यह देखना चाहता था कि मतदान कैसे होता है।

उपजिलाधिकारी संतोष देशमुख ने कहा कि यह घटना मतदान की गोपनीयता का उल्लंघन है।

देशमुख ने कहा, ‘‘मतदान अधिकारियों की यह जिम्मेदारी थी कि वे उम्मीदवार को नाबालिग को मतदान कक्ष में ले जाने से रोकें। मतदान केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को नाबालिग को बूथ में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए थी।’’

उपजिलाधिकारी ने कहा कि वीडियो देखने से ऐसा प्रतीत नहीं होता कि पीठासीन अधिकारी ने मतदान की गोपनीयता के उल्लंघन को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों से सहायता मांगी हो।

देशमुख ने कहा, ‘‘वीडियो में साफ दिख रहा है कि उम्मीदवार अपने बेटे को ईवीएम के पास ले जाकर उसे वोट डालने का तरीका समझा रहा है। उम्मीदवार (मोहित पाटिल), पुलिसकर्मियों और मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश