महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने कृषि ऋण माफी को मंजूरी दी, 56 लाख किसानों को लाभ मिलेगा
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने कृषि ऋण माफी को मंजूरी दी, 56 लाख किसानों को लाभ मिलेगा
मुंबई, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण को माफ करने की योजना को मंगलवार को मंजूरी दे दी। इस फैसले से राज्य के करीब 56 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मानसून के मौसम से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कृषि ऋण माफी 2024 के विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत ‘महायुति’ गठबंधन के प्रमुख वादों में से एक थी। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि विधान परिषद चुनावों के चलते आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, इस योजना के दायरे में 65 लाख से अधिक ऋण खाते आएंगे और करीब 56 लाख किसानों के 36,585 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने नियमित रूप से कृषि ऋण चुकाने वाले किसानों को 50,000 रुपये तक का प्रोत्साहन देने का भी निर्णय लिया है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


