आईफोन की जगह दाढ़ी बढ़ाने का तेल मिला: फ्लिपकार्ट, विक्रेता को 1.11 लाख रु. के भुगतान का आदेश
आईफोन की जगह दाढ़ी बढ़ाने का तेल मिला: फ्लिपकार्ट, विक्रेता को 1.11 लाख रु. के भुगतान का आदेश
मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) मुंबई में आईफोन के ऑर्डर के बदले दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल मिलने पर मुंबई की एक उपभोक्ता अदालत ने ई-कॉमर्स कंपनी ‘फ्लिपकार्ट’ और विक्रेता को आदेश दिया कि वे पीड़ित उपभोक्ता को 1.11 लाख रुपये से अधिक की रकम वापस दे। साथ ही, अदालत ने उन्हें 70,000 रुपये का मुआवजा और मुकदमा लड़ने में हुए खर्च का भुगतान करने का भी आदेश दिया।
मुंबई (उपनगरीय) स्थित जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने इस महीने की शुरुआत में दिए अपने आदेश में कहा कि ग्राहक की शिकायतों को बार-बार बिना कोई प्रभावी राहत दिए बंद कर देना ‘‘अनुचित व्यापार व्यवहार’’ के अंतर्गत आता है।
उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने यह भी गौर किया कि ऑनलाइन मंच के जरिए जरूरी भुगतान करके ऑर्डर दिया गया था।
आयोग ने कहा, ‘‘इसलिए, प्रतिवादी पक्ष नंबर एक (फ्लिपकार्ट) की यह जिम्मेदारी थी कि वह यह सुनिश्चित करे कि ग्राहक को ऑर्डर किया गया उत्पाद मिले और ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए एक असरदार व्यवस्था उपलब्ध कराए।’’
आयोग ने कहा कि कोई ई-कॉमर्स संस्था केवल बिक्री की सुविधा प्रदान करने के बाद उस लेनदेन से खुद को अलग नहीं कर सकती, खासकर तब जब उपभोक्ता तुरंत यह शिकायत करे कि उसे पूरी तरह से अलग उत्पाद की आपूर्ति की गई है।
आयोग ने कहा कि शिकायत की जांच नहीं करना, गलत तरीके से आपूर्ति किए गए उत्पाद को वापस नहीं लेना, गलत उत्पाद की जगह उचित वस्तु की आपूर्ति नहीं करना या धनराशि वापस नहीं करना और बिना कोई प्रभावी राहत दिए बार-बार शिकायत को बंद कर देना ‘‘साफ तौर पर सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार’’ है।
आयोग ने इस बात पर भी जोर दिया कि विक्रेता ‘इंटरनेशनल वैल्यू रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा तय किए गए उत्पाद की आपूर्ति नहीं करना और बार-बार अनुरोध करने के बावजूद शिकायत का समाधान नहीं करना, स्पष्ट तौर पर उनकी तरफ से सेवा में कमी को साबित करता है।
आयोग ने अपने फैसले में कहा कि शिकायतकर्ता को हुए नुकसान और परेशानी के लिए ऑनलाइन मंच और विक्रेता दोनों ही संयुक्त रूप से और अलग-अलग तौर पर जिम्मेदार हैं।
मुंबई के पवई इलाके में रहने वाले शिकायतकर्ता ने 22 अप्रैल 2023 को फ्लिपकार्ट से ‘नो-कॉस्ट ईएमआई’ योजना के तहत 1,11,793 रुपये में आईफोन-14 प्रो (128 जीबी) खरीदा था।
हालांकि, अलग से ऑर्डर किए गए चार्जर और कवर तो सही-सलामत आपूर्ति हो गए, लेकिन अगले दिन मिले मुख्य पैकेज में महंगे स्मार्टफोन की जगह ‘‘दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल’’ और पैकिंग का सामान निकला।
भाषा सुरभि खारी
खारी

Facebook


