महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने ‘तीसरी मुंबई’ के विकास के वास्ते भू-नीति को मंजूरी दी

Ads

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने ‘तीसरी मुंबई’ के विकास के वास्ते भू-नीति को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 06:24 PM IST

मुंबई, 10 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने ‘मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल)’ उर्फ अटल सेतु के पास स्थित ‘तीसरी मुंबई’ की विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और आवंटन नीति को मंगलवार को मंजूरी दे दी।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से कहा कि मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को क्षेत्र के विकास के लिए 200 वर्ग किलोमीटर भूमि सौंपी गई है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, यह निर्णय नव नियुक्त ‘न्यू टाउन डेवलपमेंट अथॉरिटी’ के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों और एमएमआरडीए द्वारा भविष्य में कार्यान्वित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू होगा।

इस नीति का उद्देश्य एमटीएचएल के प्रभाव क्षेत्र में नियोजित विकास को सुगम बनाना है।

मंत्रिमंडल के इस निर्णय से भूमि अधिग्रहण और वितरण के लिए एक स्पष्ट ढांचा मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और शहरी विकास परियोजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन हो सकेगा।

अटल सेतु मुंबई के सेवरी को नवी मुंबई के न्हावा शेवा से जोड़ता है। यह एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना है । उम्मीद है कि इससे मुंबई में भीड़भाड़ कम होगी और यह संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

मंत्रिमंडल ने राज्य भर में लगभग आठ लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को लाभान्वित करने वाली जल संसाधन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए नाबार्ड से 15,000 करोड़ रुपये के दीर्घकालिक ऋण को भी मंजूरी दी।

मंत्रिमंडल ने पुणे जिले के इंदापुर तालुका के रत्नापुरी माला में 1,000 एकड़ भूमि एक नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए एमआईडीसी को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश