महाराष्ट्र परीक्षा अनियमितता: संभाजी ब्रिगेड कार्यकर्ताओं ने एमपीएससी सचिव के मुंह पर कालिख पोती

Ads

महाराष्ट्र परीक्षा अनियमितता: संभाजी ब्रिगेड कार्यकर्ताओं ने एमपीएससी सचिव के मुंह पर कालिख पोती

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 05:20 PM IST

ठाणे, 11 सितंबर (भाषा) संभाजी ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने हाल की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के सचिव महेंद्र हरपालकर के नवी मुंबई के बेलापुर स्थित कार्यालय में शुक्रवार को उनके चेहरे पर कालिख पोत दी।

इन परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण राज्यभर के हजारों अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि संगठन के सदस्य बेलापुर स्थित आयोग के कार्यालय में दस्तावेज और एक पुस्तक सौंपने के बहाने हरपालकर के कक्ष में दाखिल हुए थे।

उन्होंने बताया कि अंदर जाने के बाद संभाजी ब्रिगेड के दो कार्यकर्ताओं ने उनके चेहरे और सिर पर कालिख पोत दी जबकि एक अन्य व्यक्ति ने इस पूरी घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया।

प्रदर्शनकारियों ने आयोग के कामकाज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके कारण प्रश्नपत्र लीक सहित 17 परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर आयोग के सचिव और अध्यक्ष ने इस्तीफा नहीं दिया तो इस तरह के और प्रदर्शन होंगे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “घटना के तुरंत बाद तीनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। उनके खिलाफ हमला करने और सरकारी संपत्ति में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।”

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत गठित एक स्वायत्त निकाय है, जो सरकार के विभिन्न पदों के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों की सिफारिश करता है।

आयोग भर्ती नियमों के निर्माण, पदोन्नति, तबादले और अनुशासनात्मक कार्रवाई जैसे मामलों में राज्य सरकार को सलाह भी देता है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश