मोकी (चीन) , 11 सितंबर (भाषा ) शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान अनमोल इक्का के दो गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने मलेशिया को 3 . 1 से हराकर लगातार चौथी बार एएचएफ पुरूष जूनियर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
ड्रैग फ्लिकर अनमोल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किये । उनके टूर्नामेंट में अब 16 गोल हो गए हैं । गोलकीपर विवेक लाकड़ा ने भी एक पेनल्टी स्ट्रोक समेत कई शानदार बचाव करके भारत का दबदबा बनाये रखा ।
भारत की नजरें लगातार चौथे और कुल छठे खिताब पर है । अब उसका सामना पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा ।
भारत ने आक्रामक शुरूआज की जब अजीत यादव पहले दो मिनट में दो बार मलेशियाई सर्कल में घुसे ।
भारत को जल्दी ही तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन मलेशिया के गोलकीपर अम्सियार मोहम्मद आदिब ने उन्हें गोल में बदलने नहीं दिया ।
पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मलेशिया गोल करने के करीब पहुंचा लेकिन उसका प्रयास नाकाम रहा । इस बीच भारत को 16वें मिनट में चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला । कप्तान अनमोल ने इसे गोल में बदलकर भारत को बढत दिलाई । मलेशिया को जवाबी हमले में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत के पहले रशर ने प्रयास नाकाम कर दिया ।
भारतीय गोलकीपर लाकड़ा ने 34वें मिनट में गोल के दो प्रयासों को नाकाम किया । भारत के मनमीत सिंह को 36वें मिनट में और प्रभदीप सिंह को 41वें मिनट में पीला कार्ड मिला ।
चौथे क्वार्टर में भारत के लिये सुखविंदर ने दूसरा गोल किया । भारत को 54वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मलेशिया ने वीडियो रेफरल लिया लेकिन वीडियो रैफरी ने मूल फैसला कायम रखा । अनमोल ने इस पर गोल करके भारत की बढत 3 . 0 की कर दी ।
आखिरी सीटी बजने से 24 मिनट पहले मलेशिया को आठवां पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे एम राहुल ने गोल में बदला ।
भाषा मोना नमिता
नमिता