टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपियों पर मकोका लगाने पर विचार : महाराष्ट्र सरकार

Ads

टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपियों पर मकोका लगाने पर विचार : महाराष्ट्र सरकार

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 06:49 PM IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को कहा कि वह आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने की संभावना पर विचार कर रही है।

स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने राज्य विधानसभा में यह जानकारी दी। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान दिए गए उनके इस बयान के बीच विपक्ष पिछले सप्ताह हुए टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर भुसे के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

भुसे ने घोषणा की कि सरकार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करेगी, जो टीईटी और अन्य राज्य स्तरीय परीक्षाएं ऑनलाइन (कंप्यूटर आधारित) माध्यम से आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करेगी।

टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले पर सदन में वक्तव्य देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और वे पुलिस हिरासत में हैं। मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है।

भुसे ने कहा, ‘‘राज्य में 28 जून को होने वाली टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया जा सकता है या नहीं।’’

मकोका के तहत संगठित अपराध गिरोह से जुड़े आरोपी को जमानत मिलना अपेक्षाकृत कठिन होता है और पुलिस को आरोपपत्र दाखिल करने के लिए अधिक समय मिलता है।

भुसे ने सदन को बताया कि पुलिस ने जाल बिछाकर उन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो टीईटी का प्रश्नपत्र बेचने का प्रयास कर रहे थे। उनके कब्जे से परीक्षा से एक दिन पहले 28 जून को होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया गया।

उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा टीईटी प्रश्नपत्र अवैध रूप से हासिल करने, अभ्यर्थियों से बड़ी रकम वसूलने तथा प्रश्नपत्र वितरण के उद्देश्य से अपने पास रखने के आरोप में 27 जून को अहिल्यानगर जिले के कोलगांव पुलिस थाने में महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, बोर्ड एवं अन्य विनिर्दिष्ट परीक्षाओं में कदाचार निवारण अधिनियम, 1982 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

मंत्री ने बताया कि जांच के तहत गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की दो टीमें बिहार तथा एक-एक टीम हरियाणा और दिल्ली भेजी गई हैं।

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करेगी, जो टीईटी और अन्य परीक्षाओं को ऑनलाइन (कंप्यूटर आधारित) माध्यम से आयोजित करने की योजना तैयार करेगी।

महाराष्ट्र में टीईटी-2026 परीक्षा 28 जून को आयोजित होनी थी, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले ठाणे जिले की पुलिस को प्रश्नपत्र का एक हिस्सा लीक होने की जानकारी मिलने और तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने परीक्षा स्थगित कर दी।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश