मुंबई, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान को सकारात्मक रूप से देखा जाना चाहिए और उनकी सरकार ने उनके सुझावों को लागू करना शुरू कर दिया है, खासकर विदेशी मुद्रा की बचत के संबंध में।
फडणवीस ने विपक्ष को सलाह दी कि वे पश्चिम एशिया में जारी संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री द्वारा सुझाये गए मितव्ययिता उपायों का मखौल उड़ाने से बचें, क्योंकि भारत अपनी ऊर्जा आपूर्ति के लिए इस क्षेत्र पर काफी हद तक निर्भर है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने ये बात 2026-28 नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले के लोगो का अनावरण करने और यहां 13 प्रमुख अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करने के बाद कही।
प्रधानमंत्री द्वारा मितव्ययिता उपायों की अपील पर टिप्पणी करते हुए, फडणवीस ने इस बात पर जोर दिया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष से उत्पन्न मौजूदा वैश्विक संकट के मद्देनजर उनके सुझावों को सकारात्मक रूप से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि कई देशों में स्थिति बेहद खराब है। कुछ देशों में लॉकडाउन है, पेट्रोल की कीमतें 450-500 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं और कई दिनों तक ईंधन उपलब्ध नहीं होता।”
भाजपा नेता ने कहा, “अगर विपक्ष इन उपायों को लागू नहीं करना चाहता, तो कम से कम उनका मजाक तो न उड़ाये।”
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने विदेशी मुद्रा से जुड़े खर्चों को कम करने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा, “हम सुरक्षा काफिलों, विदेश यात्रा और अन्य ऐसे क्षेत्रों में होने वाले खर्चों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं, जहां विदेशी मुद्रा खर्च होती है। हम स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सुझाव के अनुसार, नागरिकों द्वारा छह महीने के लिए जीवनशैली में मामूली बदलाव भी देश को वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता का सामना करने और उससे उबरने में मदद कर सकता है।
फडणवीस ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभारी हूं। नागपुर में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।’
भाषा अमित माधव
माधव