दक्षिणी बेरूत में राजमार्ग पर इजराइली ड्रोन हमले में आठ लोगों की मौत

Ads

दक्षिणी बेरूत में राजमार्ग पर इजराइली ड्रोन हमले में आठ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 06:01 PM IST

बेरुत, 13 मई (एपी) लेबनान की राजधानी बेरुत के दक्षिण में मुख्य राजमार्ग पर बुधवार को तीन वाहन इजराइली ड्रोन हमलों की चपेट में आ गए जिसमें एक महिला और उसके दो बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में हिज्बुल्ला के ठिकानों पर हमला किया। उसने बताया कि छह गांवों के निवासियों को जगह खाली करने के लिए कहने के कुछ घंटों बाद यह कार्रवाई की गई।

लेबनान और इजराइल के बीच बृहस्पतिवार को वाशिंगटन में प्रत्यक्ष वार्ता का एक और दौर आयोजित होने की संभावना है क्योंकि अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन दोनों पड़ोसी देशों के बीच शांति बहाली के लिए दबाव बना रहा है जो 1948 में इजराइल की स्थापना के बाद से संघर्ष की स्थिति में हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में तीन हमलों की पुष्टि की, लेकिन प्रत्येक वाहन में सवार लोगों की संख्या का विवरण नहीं दिया।

बुधवार को किए गए दो ड्रोन हमले बेरुत को दक्षिणी बंदरगाह शहर सिडोन से जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुए जबकि तीसरा हमला सादियात शहर के नजदीक हुआ।

एपी शफीक नरेश

नरेश